Posts

शादी के बाद

तुमने काट दिए दो पैर और कहा, "ऐसे गिर-गिर कर क्या चलोगी छोड़ दो। .. घर बैठे रहो। ... " तुमने रख लिए गिरवी दो हाथ और कहा, " क्या करोगी बिना  हाथ के जाने दो.... घर बैठे रहो। ... " तुमने खींच ली जबान और समझाया, "कौन सुनेगा अब तुम्हारी मेरे सिवा...  घर बैठे रहो। ... " फिर तुमने ब्रेनलेस साबित कर ऐलान कर दिया "कुछ करने योग्य नहीं हो भूल जाओ। ... घर बैठे रहो। ... " एक गोल्डमेडलिस्ट को बड़े आहिस्ते-से ड्राइंगरूम की चमक-धमक में कांच के शो-केस में बंद कर तुम बड़ी तहज़ीब-से मेहमानों से कहते हो, "हम अपनी बेटी को बहुत पढ़ाएंगे, वेस्ट नहीं होने देंगे इसका टेलेंट घर-में । " और मैं तुम्हारी बातों पर न हंस पाती हूँ न रो पाती हूँ।     

भूख

बाहर से निरिक्षण  करने आये साहब ने चौथी कक्षा के विदयार्थियों के सामने रखे मिड-डे मील के खाने की जाँच की। पत्थर जैसी रोटी और पानी जैसी दाल देखकर साहब गुस्से से तमतमा गए। विद्यालय के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने पुछा, "क्या तुम ऐसा खाना खा सकते हो? इन मासूम बच्चों को ऐसा खाना खिलाते तुम्हें शर्म नहीं आती? "जब साहब का गुस्सा इतने से शांत नहीं हुआ तब उन्होंने पत्थर जैसी रोटियां बच्चों को दिखाकर पुछा, "क्या रोज़ ऐसी ही रोटियां मिलती हैं?"  बच्चे मूक दृष्टि से एक-टक साहब को देखते रहे।  साहब ने फिर अनिश्चित भाव से अपने साथी से कहा , "आखिर कैसे खा लेते हैं बच्चे ऐसा खाना?" इतने में ही एक बच्चा दौड़ कर आया और साहब के हाथ से रोटी छीन ली।  साहब फिर कुछ बोलते इससे पहले बच्चा बोल पड़ा, "भूख लगी है साहेब ...  खाने दो ना। "

कुछ पंक्तियाँ

किसी दिन यूँ ही जब टहलते हुए यहां आ पहुंचो तुम ये जगह तुम्हारी यादों से गुलजार मिले तुम्हें - to an anonymous

प्रेम

रात आधी मैंने बितायी तारों को छूते हुए और तुम्हारे न होने पर भी तुम्हारी खुशबू को हौले से अपने भीतर महसूस करते हुए यह महज़ मेरे स्त्री और तुम्हारे पुरुष होने का सम्मोहन नहीं है यह एक अनुभूति है प्रेम से भीगी हुई उन सपनों के लिए जो मेरे अपने थे और कभी-कभी व्यक्ति से अधिक हम अपने ही सपनों से प्रेम करने लगते हैं।  

स्त्री होने का दर्द ....

एक अरसे तक मैंने कविता लिखना छोड़ दिया था क्यूंकि मैं लिख रही थी जीवन के पन्नों पर स्त्री होने का दर्द ....

रोज़ एक दिन गुजर जाता है

सुबह की चाय से लेकर रात के खाने की नखरा-नुकुर  तक रोज़ एक दिन गुज़र जाता है झाड़ - झटकार से लेकर सबकी जरूरतों का ख्याल रखने तक रोज़ एक दिन गुज़र जाता है न आकाश देखने की फुर्सत न चाँद निहारने की पाखाने से लेकर रसोईघर तक रोज़ एक दिन गुजर जाता है दिन कहाँ उगता है रात कहाँ सरक जाती है बुज़ुर्गों की डाँट से लेकर बच्चों की फटकार सुनने तक रोज़ एक दिन गुजर जाता है दिन महीने साल गुज़रते वक्त नहीं लगता जहाँ मन तक नहीं लगता था वहीँ पूरा जीवन लग जाता है रोज़ ... बस ! एक दिन गुजर जाता है

कहानी के चरित्र

आज-कल कहानियाँ पढ़ने का चस्का-सा लग गया है , अक्सर रात को सोने से पहले हिंदी समय या अभिव्यक्ति ब्लॉग पर एक कहानी पढ़ कर ही सोती हूँ।  यूँ तो हम कई कहानियाँ पढ़ते हैं , पर चरित्र प्रधान आधुनिक कहानियाँ कभी-कभी दिल को इतना छू  लेती हैं की लगता है ये कुछ जाना-पहचाना-सा है।  हाल ही में पढ़ी कुछ मन पसंद कहानियाँ हैं - रोज़ (अज्ञेय) , ठेस (फणीश्वरनाथ रेनू ) , मिस पॉल (मोहन राकेश) कल मिस पॉल पढ़ी तो ऐसा लगा कि कभी कभी कहानी के भीतर का संसार कितना यथार्थ लगता है , मानो  आप कहानी के भीतर ही हों, किसी अदृश्य पात्र की तरह।  मेरे खयाल में हिंदी साहित्य को वर्तमान रूप देने वाली चुनिंदा कृतियाँ एवम रचनाएँ तो सभी साहित्य-प्रेमियों को पढ़नी  चाहिए।  ऐसा करते समय आप कविता का भी उतना ही आनंद लेंगे जितना की कहानी या उपन्यास का।  इस दृष्टि से, मैं कहूँगी की आप निराला की "राम की शक्तिपूजा" भी अवश्य पढ़िए।   अगली कहानी की खासियत साझा करने फिर मिलूंगी , तब तक के लिए  ... होली की ढेरों शुभकामनाएँ।  :)